महाराजगंज में तेंदुए का हमला: सुबह की सैर बनी खौफनाक, तीन लोग गंभीर घायल
महराजगंज । जिले के लक्ष्मीपुर क्षेत्र में सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जंगल किनारे टहलने निकले तीन लोगों पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया।
कैसे हुआ तेंदुए का हमला
खबर की माने तो यह सनसनीखेज घटना सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर वन रेंज अंतर्गत अचलगढ़ वनटांगिया गांव के पास की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुरलीधर (60), नीरज (16) और ईशा (19) रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। तभी झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया।
जब मच गई अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि हमला इतना तेज था कि तीनों संभल नहीं पाए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर ले जाया गया।
जिला अस्पताल महराजगंज रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
PM News 18 Hindi News Website
