किसानों की समस्याओं को लेकर जनहित किसान पार्टी ने दिया समर्थन
तीन दिवसीय भूख-हड़ताल का ऐलान
महराजगंज। किसानों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित आंदोलन को जनहित किसान पार्टी की जिला इकाई ने समर्थन दिया है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यामसुंदर दास के निर्देश पर जिलाध्यक्ष दीपक द्विवेदी ने समर्थन पत्र जारी करते हुए किसानों की मांगों को जायज बताया।
समर्थन पत्र के अनुसार, किसानों की समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय महराजगंज पर अनिश्चितकालीन अनशन एवं तीन दिवसीय भूख-हड़ताल का कार्यक्रम चल रहा है। पार्टी ने आंदोलन के दौरान उठाई जा रही विभिन्न मांगों का समर्थन किया है।
पत्र में पनियरा क्षेत्र की दिव्यांग बच्ची को नौकरी दिए जाने, फरेंदा क्षेत्र के किसान की हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज किए जाने, श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में स्वर्गीय जनार्दन प्रसाद भूमिहीन की जमीन को कब्जा मुक्त कराने तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के किसानों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग का उल्लेख किया गया है।
जिलाध्यक्ष दीपक द्विवेदी ने कहा कि किसानों और आमजन से जुड़े मुद्दों पर पार्टी उनके साथ खड़ी है। समर्थन पत्र में उन्होंने आंदोलन को अपना समर्थन देने की बात कही है।
PM News 18 Hindi News Website
