खेत में मौत बनकर पलटी कंबाइन! बाल-बाल बचा चालक, टला बड़ा हादसा
गीली मिट्टी में बिगड़ा भारी मशीन का संतुलन, पलटते ही मची अफरा-तफरी
महराजगंज, सिंदुरिया। थाना क्षेत्र के पकड़िया और पिपरा नारायण गांव के सिवान में बुधवार को धान की कटाई के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सिंदुरिया-सिसवा मार्ग के किनारे खेत में कटाई कर रही चैन वाली भारी-भरकम कंबाइन मशीन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात रही कि चालक सुरक्षित बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, पकड़िया बुजुर्ग निवासी शंभू पटेल अपने खेत में राजस्थान से आई कंबाइन मशीन से धान की कटाई करवा रहे थे। बुधवार को कटाई के दौरान चालक मशीन को पीछे की ओर ले जा रहा था। इसी बीच खेत में नमी और मिट्टी गीली होने के कारण मशीन का संतुलन बिगड़ गया। भारी मशीन फिसलते हुए सड़क किनारे बने गड्ढे की ओर गई और देखते ही देखते पलट गई।
कंबाइन पलटने की तेज आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। भारी मशीन को पलटा देख लोग सहम गए और चालक की सलामती को लेकर चिंतित हो उठे। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर चालक का हाल जाना, लेकिन गनीमत रही कि वह पूरी तरह सुरक्षित था।
गीली मिट्टी और असंतुलन बना हादसे की वजह
धान कटाई के दौरान खेत में नमी और कमजोर मिट्टी के चलते भारी मशीन का संतुलन बिगड़ने से यह घटना हुई। हादसे में कंबाइन मशीन पलट गई, लेकिन चालक सुरक्षित बच निकलने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना ने खेतों में भारी कृषि मशीनों के संचालन के दौरान सतर्कता बरतने की जरूरत को एक बार फिर उजागर किया।
PM News 18 Hindi News Website
