Thursday , 30 July 2026

घर के बाहर सो रही महिला की सिर कुचलकर हत्या, गांव में सनसनी

घर के बाहर सो रही महिला की सिर कुचलकर हत्या, गांव में सनसनी

 

रात में शराबियों से कहासुनी के बाद वारदात की आशंका, दो हिरासत में

 

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया 

 

महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ मुरकटिया गांव के लंगड़ी टोले में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।

घर के बाहर सो रही 40 वर्षीय महिला की अज्ञात हमलावर ने सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह जब परिजन जागे तो महिला का शव खून से लथपथ पड़ा मिला।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर श्यामदेउरवा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए जांच तेज कर दी है।

खून से लथपथ मिला शव

मृतका की पहचान रूखमणी (40 वर्ष), पत्नी शिव नारायण निवासी कुड़वा उर्फ मुरकटिया , लंगड़ी टोला के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रूखमणी गुरुवार रात भोजन करने के बाद रोज की तरह घर के बाहर सो गई थीं।

सुबह जब परिवार के लोग उठे तो उनका शव खून से सना मिला। सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। परिजनों का आरोप है कि किसी कठोर वस्तु, संभवतः मच्छरदानी के डंडे या इसी तरह के हथियार से हमला कर उनकी हत्या की गई।

परिजनों ने बताया कि रूखमणी की किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। हालांकि, गुरुवार रात गांव में कुछ लोग शराब के नशे में थे और उन्हीं में से कुछ लोगों के साथ महिला की कहासुनी हुई थी।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस इसी बिंदु को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ा रही है। संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा सदर क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार, वारदात की वजह तथा घटनाक्रम की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है।

ग्रामीणों के अनुसार रूखमणी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके पति शिव नारायण मंदबुद्धि बताए जाते हैं।

परिवार में चार बच्चे—गुलशन (17), आरती (14), रागनी (13) और गुलजार (10) हैं। मां की निर्मम हत्या के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

प्रभारी निरीक्षक अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं।

Share:

About Arjun Patel

दोस्तों नमस्कार आप सभी शुद्ध पाठकों को अवगत कराना है कि राष्ट्रीय हिंदी मासिक पत्रिका public mukhbir जो बहराइच से प्रकाशित होकर पूर्वांचल के बस्ती, गोरखपुर ,कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर ,देवरिया, महराजगंज, गोंडा ,बहराइच se Bihar rajya में प्रसारण हो रहा है मुझे यह विश्वास है कि हमारे द्वारा प्रकाशित किया गया समाचार आपको पसंद आएगा धन्यवाद

Check Also

बारिश के बाद धंसी जमीन, निकली रहस्यमयी सुरंग

बारिश के बाद धंसी जमीन, निकली रहस्यमयी सुरंग रायबरेली में मिले कुषाणकाल के अवशेष, ASI …