खेत में मिला 19 वर्षीय युवक का शव, गांव में मचा हड़कंप! हत्या की आशंका से सनसनी
फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य, एएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
Also Read This: न्यायालय में मुकदमे की तारीख पर आए व्यक्ति की बाइक चोरी
महराजगंज। परसा मलिक थाना क्षेत्र के सिरसिया मशरकी टोला पीपरवास गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर खेत में एक युवक का शव पड़ा मिला।
खेत में शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार 10 नवंबर की सुबह परसा मलिक थाने को खेत में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक की पहचान शिवनंदन गुप्ता (18-19 वर्ष), पुत्र रामाचल गुप्ता, निवासी सिरसिया मशरकी टोला पीपरवास के रूप में हुई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके साथ ही फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए, ताकि युवक की मौत से जुड़े रहस्यों का पर्दाफाश किया जा सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
फिलहाल खेत में मिले युवक के शव ने पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों की निगाहें अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।
PM News 18 Hindi News Website
