बड़हरा-बरईपार मार्ग पर अतिक्रमण का ‘कब्जा’, आधे घंटे तक जाम में जूझ रहे राहगीर
सड़क की पटरी पर दुकानें और बेतरतीब खड़ी बाइक बनीं मुसीबत, स्कूली बच्चों पर भी मंडरा रहा हादसे का खतरा
महराजगंज। श्यामदेउरवा क्षेत्र के बड़हरा-बरईपार मार्ग पर सड़क की पटरी पर अतिक्रमण और दुकानों के सामने बेतरतीब खड़ी मोटरसाइकिलों ने आवागमन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है।
चौराहे से देशी शराब की दुकान तक सड़क किनारे अतिक्रमण के चलते आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। हालात ऐसे हैं कि राहगीरों को महज कुछ दूरी तय करने के लिए आधे घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
सड़क संकरी, वाहनों की आवाजाही मुश्किल
सड़क की पटरी पर दुकानदारों के कब्जे और इधर-उधर खड़ी मोटरसाइकिलों के कारण आवागमन का रास्ता संकरा हो गया है। दुकानों के सामने वाहन खड़े होने से दूसरे वाहनों को निकलने में परेशानी होती है।
कई बार आमने-सामने वाहन फंसने से जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस मार्ग पर छोटी-मोटी दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे गुजरते हैं। जाम, अव्यवस्थित वाहनों और संकरे रास्ते के बीच बच्चों को निकलने में काफी दिक्कत होती है। सड़क पर स्कूल बस और दूसरी ओर ट्रक फंस जाने से यातायात बाधित होने की स्थिति भी सामने आती है।
ऐसे में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क की पटरी को अतिक्रमण मुक्त करा दिया जाए तो आवागमन काफी हद तक सुगम हो सकता है।
ग्रामीणों ने उठाई अतिक्रमण हटाने की मांग
रामसजन, राजकुमार, डीपी चौधरी, मुन्ना, श्याम यादव और सुरेश चौहान ने बताया कि सड़क किनारे दुकानें लगाने और मोटरसाइकिलें खड़ी करने से रोजाना जाम की समस्या बनी रहती है। इससे राहगीरों का कीमती समय बर्बाद होता है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से सड़क की पटरी को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई: एसडीएम
इस संबंध में अपर उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क की पटरी पर अतिक्रमण की शिकायत की जांच कराई जाएगी। यदि दुकानदारों द्वारा सड़क पर अतिक्रमण कर आवागमन बाधित किया जा रहा है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
अब देखना यह है कि जांच और कार्रवाई के बाद बड़हरा-बरईपार मार्ग पर लगने वाले जाम से लोगों को कब तक राहत मिल पाती है।
PM News 18 Hindi News Website
