12 घंटे में हत्याकांड का खुलासा
महिला की मौत के दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
पुरानी रंजिश में मारपीट के दौरान हुई थी 40 वर्षीय महिला की मौत, श्यामदेउरवा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों आरोपित न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट में एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने तेज़ी दिखाते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक गंभीर वारदात का शीघ्र खुलासा हो गया। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (आईपीएस) के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर श्यामदेउरवा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज होते ही विशेष टीम गठित कर आरोपितों की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में दोनों को दबोच लिया।
दो लोगों पर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ मुड़कटिया टोला लगड़ी निवासी गुलशन साहनी पुत्र शिवनरायन साहनी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर गांव के अजय साहनी पुत्र भोरीक साहनी तथा भरथरी साहनी पुत्र अमेरिका ने उनकी 40 वर्षीय माता रुकमिना के साथ गाली-गलौज की और मारपीट कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान लगी गंभीर चोटों के कारण रुकमिना की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस सक्रिय हो गई। तहरीर के आधार पर थाना श्यामदेउरवा में मु0अ0सं0 214/2026 के तहत धारा 105 एवं 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से दोनों आरोपितों की तलाश तेज कर दी।
लगातार की गई छापेमारी के बाद पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर अजय साहनी और भरथरी साहनी, दोनों निवासी कुड़वा उर्फ मुड़कटिया टोला लगड़ी, थाना श्यामदेउरवा, जनपद महराजगंज, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक आकाश कुमार, उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी संजय सिंह, मुख्य आरक्षी सुरजीत सिंह, कांस्टेबल पंकज यादव तथा कांस्टेबल आशीष यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
PM News 18 Hindi News Website
