फसल अवशेष जलाने से बचें, आधुनिक कृषि अपनाएं और खेती को बनाएं समृद्ध
दरौली पंचायत भवन में आज होगी कृषक जागरूकता गोष्ठी, किसानों को दी जाएगी फसल अवशेष प्रबंधन की जानकारी
महराजगंज, 14 अक्टूबर। किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करने तथा आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को महराजगंज सदर विकास खंड की न्याय पंचायत दरौली स्थित पंचायत भवन में कृषक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
कृषि विभाग, महराजगंज के तत्वावधान में आयोजित इस गोष्ठी में किसानों को फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। गोष्ठी का शुभारंभ सुबह 10:30 बजे होगा। इसमें क्षेत्र के सभी किसान भाइयों को आमंत्रित किया गया है।
गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य किसानों को धान एवं अन्य फसलों की कटाई के बाद खेतों में बचने वाले अवशेषों को जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन करने के लिए प्रेरित करना है।
फसल अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करने से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, पर्यावरण प्रदूषण कम करने और कृषि भूमि की गुणवत्ता में सुधार लाने में मदद मिल सकती है।
कृषि विभाग की इस पहल से किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रीकरण के महत्व को समझने तथा पर्यावरण के अनुकूल खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
विभाग की अपील: किसान फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करें, पराली जलाने से बचें और खेती के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी भागीदारी निभाएं।
स्थान: पंचायत भवन, दरौली, विकास खंड सदर, जनपद महराजगंज।
PM News 18 Hindi News Website
