गैस सिलिंडरों से लदी पिकअप गड्ढे में पलटी, टला बड़ा हादसा
64 रसोई गैस सिलिंडर लेकर जा रही गाड़ी हुई अनियंत्रित, चालक सुरक्षित; मौके पर मची अफरा-तफरी, समय रहते हटाया गया वाहन
महराजगंज। जिले के परतावल-पनियरा मार्ग पर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब रसोई गैस सिलिंडरों से लदी एक पिकअप वाहन अचानक स्टेयरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
बड़ा हादसा टल गया
पिकअप में करीब 64 घरेलू गैस सिलिंडर लदे होने से आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। हालांकि चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, राज गैस सर्विस की पिकअप शनिवार सुबह करीब 11 बजे विभिन्न गांवों में गैस सिलिंडर की आपूर्ति के लिए निकली थी।
वाहन जब मलमलिया उर्फ सिरसिया गांव के समीप पहुंचा, तभी अचानक उसकी स्टेयरिंग फेल हो गई। चालक मुकेश ने वाहन को संभालने का भरसक प्रयास किया, लेकिन पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई।
ग्रामीणों ने दिखाई मानवता
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गैस सिलिंडरों से लदी गाड़ी पलटने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
लोगों ने तत्काल चालक को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि किसी सिलिंडर से गैस रिसाव या विस्फोट जैसी घटना नहीं हुई, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही गैस एजेंसी के संचालक ने दूसरी पिकअप और कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक सभी सिलिंडरों को दूसरे वाहन में स्थानांतरित किया और निर्धारित गांवों में आपूर्ति की व्यवस्था की।
पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभाली
बताया जा रहा है कि सिलिंडर मलमलिया उर्फ सिरसिया, हरपुर तिवारी, तरकुलवा उर्फ भटगांवा, जरलहिया, लक्ष्मीपुर, अनहया और महदेवा सहित आसपास के गांवों में उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जाने थे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभाली और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर आवागमन सुचारु कराया।
थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पिकअप की स्टेयरिंग फेल होने के कारण हादसा होना सामने आया है। सभी गैस सिलिंडरों को सुरक्षित दूसरे वाहन में रखवा दिया गया है और मार्ग पर यातायात सामान्य कर दिया गया है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
PM News 18 Hindi News Website
