ग्राहक बनकर आया, फोटो के बहाने झपटी तीन जोड़ी बृजबाली;
CCTV में कैद हुआ शातिर टप्पेबाज
ज्वेलरी दुकान से लाखों के जेवर लेकर फरार, ऑरेंज सैंडल छोड़ भागा आरोपी; पुलिस हाईवे के CCTV फुटेज खंगालने में जुटी
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक शातिर टप्पेबाज ने ग्राहक बनकर ज्वेलरी दुकान में ऐसी वारदात को अंजाम दिया कि कुछ ही सेकंड में तीन जोड़ी बृजबाली लेकर फरार हो गया।
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, अगया लेवल क्रॉसिंग पुल के पास जेडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के बगल स्थित श्याम ज्वेलर्स पर गुरुवार दोपहर करीब एक बजे नीली टी-शर्ट, काला पैंट और काला मास्क पहने एक युवक ग्राहक बनकर पहुंचा।
ग्राहक बनकर पहुंचा शातिर
उसने दुकानदार शैलेश वर्मा से बृजबाली दिखाने को कहा। जेवर देखने के दौरान वह मोबाइल पर कथित “भाभी” से बातचीत करने का नाटक करता रहा और अधिक वजन वाली बृजबाली दिखाने की मांग करने लगा।
दुकानदार ने बताया कि अधिक वजन वाली बृजबाली उनकी भिटौली स्थित दूसरी दुकान पर है। वह उन्हें लेने के लिए बाइक से निकल गए और दुकान पर अपनी 24 वर्षीय बेटी शिल्पा वर्मा को बैठा गए।
फोटो के बहाने उड़ाए जेवर
दोपहर करीब दो बजे आरोपी ने पहले दिखाई गई तीनों बृजबाली की फोटो लेकर भाभी को व्हाट्सएप पर भेजने की बात कही। पहले तो शिल्पा ने मना किया, लेकिन आरोपी के लगातार भरोसा दिलाने पर उसने जेवर बाहर निकाले।
इसी दौरान टप्पेबाज ने झपट्टा मारकर तीनों जोड़ी बृजबाली छीन ली और सड़क पर दौड़ते हुए शिकारपुर की दिशा में फरार हो गया। भागने की जल्दबाजी में वह अपना ऑरेंज रंग का फ्लाइट सैंडल भी दुकान पर ही छोड़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही भिटौली थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
धर्मपुर में भी कर चुका था कोशिश
थानाध्यक्ष ने बताया कि यही संदिग्ध युवक दोपहर करीब 12 बजे धर्मपुर चौराहे स्थित ऋद्धि सिद्धि ज्वेलर्स पर भी पहुंचा था। वहां भी उसने ग्राहक बनकर जेवर देखने की कोशिश की
फिर भी सफलता नहीं मिलने पर दो मोबाइल नंबर देकर बाद में फोन करने की बात कहकर चला गया। उसकी तस्वीर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
पुलिस आसपास के बाजारों और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
PM News 18 Hindi News Website
