Sunday , 30 August 2026

363 दिन बाद फिर गरजेगा दिशा का मंच

363 दिन बाद फिर गरजेगा दिशा का मंच

 

9 सितंबर को केंद्रीय योजनाओं की नब्ज टटोलेंगे राहुल गांधी

 

दिशा की बैठक को लेकर प्रशासन में हलचल तेज, अधिकारियों ने कसी कमर; जनप्रतिनिधियों को भेजा गया न्योता

 

रायबरेली। करीब 363 दिन बाद जिला विकास एवं समन्वय अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक एक बार फिर सुर्खियों में है। नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी आगामी 9 सितंबर को बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिले में संचालित केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रम सामने आते ही जिला प्रशासन और संबंधित विभागों में तैयारियां तेज हो गई हैं।

 

बैठक को लेकर जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण भेजा गया है, वहीं विभिन्न विभागों से संबंधित रिपोर्ट भी दुरुस्त कराई जा रही है। अधिकारियों के सामने केंद्रीय योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन और पूर्व में उठाए गए मामलों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने की चुनौती होगी।

 

दिशा की पिछली बैठक 11 सितंबर 2025 को हुई थी। इसके बाद 6 अप्रैल को बैठक प्रस्तावित थी, लेकिन पूर्व सांसद सोनिया गांधी के स्वास्थ्य संबंधी कारणों से राहुल गांधी का कार्यक्रम स्थगित हो गया था। उस दिन अमेठी सांसद केएल शर्मा ने सभापति के रूप में बैठक में हिस्सा लेकर केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा की थी।

 

इससे पहले 12 मार्च को भी दिशा की बैठक प्रस्तावित की गई थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से राहुल गांधी का कार्यक्रम स्थगित हो गया था। अब 9 सितंबर को बैठक प्रस्तावित होने से एक बार फिर जिले की विकास योजनाओं और केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर सबकी नजरें टिक गई हैं।

 

पिछली बैठक के मामलों की भी होगी पड़ताल

 

बीती 6 अप्रैल की बैठक में उठाए गए मामलों से संबंधित रिपोर्ट विभागों से तलब की गई है। ऐसे में पिछली बैठक में उठे सवालों और उनके अनुपालन की स्थिति भी महत्वपूर्ण रहेगी। पूर्व बैठक में कई मुद्दों को लेकर गहमागहमी देखने को मिली थी, इसलिए इस बार भी बैठक में तीखे सवाल-जवाब और चर्चा के आसार हैं।

 

खाद्य एवं रसद मंत्री डॉ. मनोज पांडेय, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों को बैठक के संबंध में न्योता भेजा गया है।

 

डीआरडीए के परियोजना निदेशक मुकेश कुमार ने बताया कि दिशा की बैठक के लिए प्रस्तावित कार्यक्रम प्राप्त होने के बाद तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संबंधित विभागों से आवश्यक रिपोर्ट एवं सूचनाएं तैयार कराई जा रही हैं।

 

अब निगाह 9 सितंबर पर—दिशा की बैठक में केंद्रीय योजनाओं की जमीनी हकीकत पर क्या सवाल उठेंगे और अधिकारियों के पास क्या जवाब होगा, इस पर जिलेभर की नजर रहेगी।

रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी

Share:

About Arjun Patel

दोस्तों नमस्कार आप सभी शुद्ध पाठकों को अवगत कराना है कि राष्ट्रीय हिंदी मासिक पत्रिका public mukhbir जो बहराइच से प्रकाशित होकर पूर्वांचल के बस्ती, गोरखपुर ,कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर ,देवरिया, महराजगंज, गोंडा ,बहराइच se Bihar rajya में प्रसारण हो रहा है मुझे यह विश्वास है कि हमारे द्वारा प्रकाशित किया गया समाचार आपको पसंद आएगा धन्यवाद

Check Also

दबंग महिला ने विद्यालय की कक्षा में घुसकर शिक्षिका को पीटा

दबंग महिला ने विद्यालय की कक्षा में घुसकर शिक्षिका को पीटा बच्चों के सामने हुई …