डिप्टी जेलर के घर समेत तीन चोरियों का खुलासा, तीन गिरफ्तार
रायबरेली। सदर कोतवाली पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब पांच लाख रुपये कीमत के जेवरात और छह हजार रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है। पूछताछ में शहर में डिप्टी जेलर समेत तीन घरों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ।
सीओ सदर आशीष निगम ने बताया कि शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए सदर कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह और सिविल लाइन चौकी प्रभारी कपिल सिंह चौहान की अगुवाई में पुलिस टीम गठित की गई थी। मंगलवार सुबह गल्ला मंडी के पास पुलिस टीम ने चोरी की घटनाओं में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इंदिरा गार्डन महानंदपुर निवासी अशरफ उर्फ बग्गड़, राजकीय कॉलोनी निवासी दीपक और गल्ला मंडी निवासी इकराम के रूप में हुई है।
सीओ ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बीती 27 अगस्त की रात आचार्य द्विवेदी नगर में प्रयागराज में तैनात महिला डिप्टी जेलर के घर चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा आरोपियों ने नेहरू नगर और तिलक नगर में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात पुलिस को बताई।
पुलिस का दावा है कि आरोपी पहले सुनसान पड़े घरों की रेकी करते थे और मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपी अशरफ उर्फ बग्गड़ के खिलाफ 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व की चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
