संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों की भरमार, फरियादियों को फिर मिला सिर्फ आश्वासन
सभी तहसीलों में अफसरों ने सुनीं समस्याएं, मौके पर कुछ शिकायतें निपटीं; न्याय की आस में लौटे फरियादी
रायबरेली। जिले की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
हालांकि, ज्यादातर फरियादियों को मौके पर न्याय नहीं मिल सका और उन्हें आश्वासन लेकर ही वापस लौटना पड़ा।
सदर तहसील में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि लोगों की समस्याओं का समाधान अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। सदर तहसील में कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 10 का मौके पर निस्तारण किया गया।
मकान की दीवार तोड़ने और रास्ते पर कब्जे की शिकायत
ऊंचाहार तहसील सभागार में तहसीलदार सुनील कुमार की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। सलीमपुर भैंरी गांव की गुड्डी देवी ने कुछ लोगों पर मकान की दीवार क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया। वहीं बटोआपुर निवासी छेदीलाल ने रास्ते पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।
दिव्यांग को ट्राई साइकिल और आवास की दरकार
डलमऊ में एसडीएम प्रतीक सिंह ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। कुल 34 शिकायतें आईं, जिनमें पांच का निस्तारण किया गया। बजरंगगंज निवासी दिव्यांग असलम ट्राई साइकिल और आवास की मांग लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी समस्या का मौके पर समाधान नहीं हो सका। उन्हें जल्द समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया गया।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों की जांच कर समयबद्ध तरीके से निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं कई फरियादी कार्रवाई की उम्मीद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद मायूस होकर लौटे।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
