50 गांवों में आठ घंटे गुल रही बिजली, पानी के लिए तरसे लोग
रायबरेली खीरों। विद्युत उपकेंद्र खीरों और कलुवाखेड़ा से जुड़े करीब 50 गांवों में शुक्रवार को करीब आठ घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। सुबह नौ बजे बारिश के दौरान फीडरों की लाइनों में फॉल्ट आने से आपूर्ति ठप हो गई। शाम पांच बजे बिजली बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
बिजली न होने से घरों में लगे सबमर्सिबल पंप और इन्वर्टर बंद हो गए। पेयजल के लिए लोगों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा। मोबाइल फोन चार्ज न होने से भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। बिजली उपकरण भी शोपीस बने रहे।
खीरों उपकेंद्र के पाहो, सतांव, देवगांव, मेरुई, कालूपुर, निहस्था और विश्वबैंक तथा कलुवाखेड़ा उपकेंद्र के अतरहर, रनापुर और ऐंझी फीडर से जुड़े मेडौली, चांदेमऊ, मेरामऊ, जसमऊ, सेनी, एकौनी, गौनहा, पाहो और तिवारिनखेड़ा समेत करीब 50 गांव प्रभावित रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली लाइनों के पुराने और ढीले तार बारिश व हवा में अक्सर टूट जाते हैं। इंसुलेटर और डिस्क भी मामूली बारिश में खराब हो जाते हैं। ग्रामीणों ने लाइनों के तार और अन्य उपकरण बदलवाने की मांग की।
उपखंड अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि बारिश के कारण लाइनों में फॉल्ट आया था। कर्मचारियों ने फॉल्ट ठीक कर शाम पांच बजे सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति बहाल करा दी।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
