तेज रफ्तार CNG ऑटो ने वृद्ध को रौंदा, तड़पता छोड़,चालक-यात्री फरार
सड़क किनारे शौच के लिए गए 67 वर्षीय भोपति दास गंभीर घायल, टक्कर के बाद पलटी ऑटो घटनास्थल पर छोड़ भागे आरोपी
महराजगंज। शिकारपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो ने विगत दिन देर देर रात करीब 12:30 बजे बल्लो खास गांव में सड़क किनारे शौच के लिए गए एक वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर के बाद अनियंत्रित हुई ऑटो सड़क पर पलट गई। आरोप है कि चालक और वाहन में सवार लोग घायल को तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गए।
शौच के लिए निकले थे बाहर
जानकारी के अनुसार घायल की पहचान भोपति दास (67 वर्ष) पुत्र मंगल दास निवासी बल्लो खास के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि वह रात में घर से बाहर सड़क किनारे शौच के लिए गए थे। इसी दौरान शिकारपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो (UP53KT0842) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ऑटो की रफ्तार काफी अधिक थी, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
सूत्रों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भोपति दास सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ऑटो भी अनियंत्रित होकर पलट गई।
घायल को तड़पता छोड़ फरार हो गए चालक
ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद चालक और ऑटो में सवार सभी लोग घायल वृद्ध को सड़क पर तड़पता छोड़कर फरार हो गए। पलटी हुई ऑटो घटनास्थल पर ही छोड़ दी गई। देर रात होने के कारण घायल वृद्ध काफी देर तक सड़क किनारे दर्द से कराहते रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से घायल को जिला चिकित्सालय महराजगंज भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
चिकित्सकों के अनुसार वृद्ध को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने लापरवाह चालक की जल्द गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पलटी हुई ऑटो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक और अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
घायल को छोड़ भागना बना चर्चा का विषय
दुर्घटना के बाद घायल वृद्ध को अस्पताल पहुंचाने के बजाय चालक और सवारियों का मौके से फरार हो जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मदद मिल जाती तो घायल को कम परेशानी झेलनी पड़ती। लोगों ने ऐसे गैर-जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।घटना की अभी तक स्थानीय थाने पर कोई तहरीर नहीं पड़ पाई है।
PM News 18 Hindi News Website
