त्योहारों पर शांति भंग की कोशिश पड़ी भारी, नौतनवा पुलिस ने कसी कमर
पीस कमेटी की बैठक में अफवाहों और सोशल मीडिया की भ्रामक पोस्ट पर सख्त चेतावनी
महराजगंज। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर नौतनवा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
रविवार को थाना नौतनवा परिसर में क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और डिजिटल वॉलिंटियर्स ने हिस्सा लिया।
बैठक में क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने विभिन्न समुदायों के लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की।
सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर
क्षेत्राधिकारी ने सोशल मीडिया को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट, वीडियो या संदेश को शेयर न किया जाए।
पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रख रही है। अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। इससे समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सकेगा।
बैठक के अंत में मौजूद संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराने में सहयोग करने का आश्वासन दिया।
PM News 18 Hindi News Website
