अपराध गोष्ठी में एसपी दीपक भूकर ने कसा शिकंजा, लापरवाही पर जवाबदेही तय करने के निर्देश
प्रतापगढ़। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने रविवार को पुलिस लाइन स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में अपराध गोष्ठी की।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय समेत जिले के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और संबंधित शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
एसपी ने थाना क्षेत्रों में अपराध की स्थिति, लंबित विवेचनाओं, पुलिस कार्रवाई और विभिन्न मामलों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की।
उन्होंने वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा गंभीर अपराधों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध होने के बाद कार्रवाई के साथ उसकी रोकथाम पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। संवेदनशील एवं अपराध संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी, प्रभावी गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश
गोष्ठी में थाना स्तर पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि पीड़ित व्यक्ति पुलिस के पास न्याय की उम्मीद लेकर आता है,
इसलिए उसकी शिकायत गंभीरता से सुनकर नियमानुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने, स्थानीय सूचनातंत्र मजबूत करने और कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी के साथ सक्रिय पुलिसिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और समीक्षा जरूरी है।
अभिषेक सिंह की रिपोर्ट
पुलिस मुखबिर न्यूज, ब्यूरो प्रभारी प्रतापगढ़
PM News 18 Hindi News Website
