रहस्यमयी मौत या हत्या- 16 वर्षीय किशोर की मौत से मचा हड़कंप
बाबा ने दो युवकों पर बहला-फुसलाकर ले जाने का लगाया आरोप, सिर पर गंभीर चोट के आधार पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के दरौली गांव में 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतक के बाबा नाथू प्रसाद गुप्त पुत्र स्व. महेश ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि गांव के ही दो युवक उनके नाती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। बाद में गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
क्या बोल दिए परिजन
परिजनों ने सिर पर गंभीर चोट का हवाला देते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम दरौली निवासी नाथ गुप्ता ने बताया कि 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10:20 बजे उनका 16 वर्षीय नाती अशोक गुप्ता पुत्र पन्नेलाल गांव के ही मातबर और सर्वेश के साथ चला गया। आरोप है कि दोनों उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए।
शिकायत में कहा गया है कि शाम के समय निखिल गोसाई और पप्पू भारती बिना परिजनों को सूचना दिए किशोर को इलाज के लिए शिकारपुर स्थित एक मेडिकल स्टोर लेकर पहुंचे।
मेडिकल स्टोर संचालक ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए तत्काल अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
जाने क्या है तहरीर
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब साथ मौजूद लोगों से घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि सभी लोग मातबर के घर पेंटिंग का काम कर रहे थे, तभी किशोर को बिजली का करंट लग गया।
हालांकि मृतक के बाबा ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि किशोर के सिर पर गंभीर चोट थी, गुद्दी बाहर निकल आई थी और घटनास्थल पर काफी खून भी गिरा था। ऐसे में परिजनों को आशंका है कि उसकी हत्या की गई है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस जांच के बाद ही होगा खुलासा
फिलहाल मामला पुलिस के संज्ञान में है। किशोर की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस का पक्ष और जांच रिपोर्ट आने के बाद घटना की पूरी तस्वीर सामने आएगी।
PM News 18 Hindi News Website

