नेपाल तस्करी के लिए ले जाई जा रही खाद पकड़ी गई, मोटरसाइकिल समेत तस्कर गिरफ्तार
कोल्हुई पुलिस और एसएसबी का संयुक्त ऑपरेशन, खाद तस्करी का भंडाफोड़
कोल्हुई पुलिस व एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, यूरिया-डीएपी की खेप बरामद
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर खाद की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोल्हुई पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है।
संयुक्त टीम ने मंगलवार को चेकिंग अभियान के दौरान मोटरसाइकिल पर लादकर ले जाई जा रही यूरिया और डीएपी खाद बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
अवैध तस्करी रोकने के लिए अभियान
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी फरेन्दा दीपशिखा वर्मा के नेतृत्व में अवैध तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोल्हुई पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच कर रही थी।
चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर अवैध रूप से खाद ले जाते हुए एक व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक बोरी यूरिया तथा एक बोरी डीएपी खाद बरामद हुई।
पूछताछ में वह खाद के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सर्वज्ञ पुत्र हृदयराम, निवासी ग्राम पंचमा, थाना लोटन, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से मोटरसाइकिल संख्या यूपी 55वाई 6639 भी बरामद की है।
इस मामले में अभियुक्त के विरुद्ध कस्टम अधिनियम की धारा 11/3 के तहत कार्रवाई करते हुए अग्रिम विधिक कार्यवाही के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा भेजा जा रहा है।
संयुक्त कार्रवाई में एसएसबी के इंस्पेक्टर सौरभ राय, हेड कांस्टेबल बब्बन सिंह, कांस्टेबल सौरभ तथा थाना कोल्हुई के उपनिरीक्षक पंकज सिंह एवं कांस्टेबल अमित कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
PM News 18 Hindi News Website
