Short circuit: करंट लगने से महिला की दर्दनाक मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
पनियरा के इलाहाबाद गांव में सुबह-सुबह हुआ हादसा, पानी भरने गई महिला की करंट की चपेट में आने से गई जान
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के इलाहाबाद गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से महिला की मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। मृतका की पहचान 35 वर्षीय शमा परवीन पत्नी समीर अंसारी के रूप में हुई है। शमा परवीन अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे शमा परवीन अपने तीन वर्षीय बेटे अर्सलान को शौच कराने के बाद घर के पीछे लगे नल पर पानी भरने गई थीं।
दृश्य देखते ही उनके होश उड़ गए
बताया जा रहा है कि उन्होंने टिल्लू पंप का मोटर चालू किया। इसी दौरान अचानक नल के पाइप में करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गईं। करंट इतना तेज था कि वह मौके पर ही गंभीर रूप से झुलसकर गिर पड़ीं।
कुछ देर बाद जब उनके पति समीर अंसारी बाहर निकले तो उन्होंने पत्नी को नल के पास अचेत अवस्था में पड़ा देखा। यह दृश्य देखते ही उनके होश उड़ गए।
उन्होंने तत्काल मोटर का स्विच बंद किया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया।
आनन-फानन में परिजन शमा परवीन को निजी वाहन से इलाज के लिए पनियरा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं।
मौत का कारण बना टुल्लू पंप
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पति समीर अंसारी इलेक्ट्रिक प्लंबर का काम करते हैं।
शमा परवीन अपने पीछे 10 वर्षीय बेटे अरशद अंसारी और 3 वर्षीय अर्सलान को छोड़ गई हैं। मां की मौत के बाद दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। परिजन शव को सुपुर्द-ए-खाक करने की तैयारी में जुटे रहे।
PM News 18 Hindi News Website
