घर पहुंचा होनहार वैज्ञानिक का पार्थिव शरीर, सिसवा में मचा कोहराम,हर आंख हुई नम
राहुल सिंह की अंतिम झलक पाने उमड़ा जनसैलाब, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर
बूझ गया चिराग
महराजगंज। जनपद के सिसवा बाजार क्षेत्र निवासी युवा वैज्ञानिक एवं ड्रोन इनोवेटर राहुल सिंह का पार्थिव शरीर बुधवार को उनके पैतृक आवास पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया।
घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जैसे ही एम्बुलेंस से पार्थिव शरीर उतारा गया, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया और वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
राहुल सिंह अपनी प्रतिभा, नवाचार और वैज्ञानिक उपलब्धियों के कारण क्षेत्र ही नहीं बल्कि प्रदेश के लिए भी गर्व का विषय थे। उनके असामयिक निधन की खबर से पूरे सिसवा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
लखनऊ होटल में मिला था शव
अंतिम दर्शन के लिए जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, छात्र और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उनके आवास पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।
बताया जा रहा है कि राहुल सिंह की मृत्यु लखनऊ के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
राहुल सिंह के निधन से क्षेत्र ने एक प्रतिभाशाली युवा वैज्ञानिक को खो दिया है। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल है।
आखिर इतनी कम उम्र में यह होनहार सितारा कैसे बुझ गया। पूरे क्षेत्र में उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी जा रही है।
PM News 18 Hindi News Website
