मालगाड़ी के आगे ट्रैक पर लेटा कुली
सिर धड़ से अलग; स्टेशन पर मचा हड़कंप
प्लेटफॉर्म की बेंच से अचानक उठा, तीन लाइनें पार कर मालगाड़ी के सामने लेटा; कैंसर से पीड़ित था मृतक
रायबरेली। शहर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक दर्दनाक घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर शांत बैठा एक कुली अचानक उठा और तीन रेलवे ट्रैक पार करते हुए प्लेटफॉर्म नंबर दो पर आ रही मालगाड़ी के सामने जाकर ट्रैक पर लेट गया। देखते ही देखते मालगाड़ी उसके ऊपर से गुजर गई, जिससे उसका सिर धड़ से अलग हो गया और मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के पूर्वी जहानाबाद बनियान टोला निवासी राजेश उर्फ राजू सोनकर (55) रेलवे स्टेशन पर कुली का कार्य करते थे। घटना से कुछ देर पहले वह प्लेटफॉर्म नंबर एक की बेंच पर शांत बैठे थे।
इसी दौरान लखनऊ की ओर से एक मालगाड़ी प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंच रही थी। अचानक वह उठे और तेजी से तीन रेलवे लाइनें पार कर मालगाड़ी के ट्रैक पर जाकर लेट गए। घटना इतनी अचानक हुई कि लोको पायलट ट्रेन नहीं रोक सका।
कार्रवाई के बाद रवाना हुई मालगाड़ी
हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद मालगाड़ी को रवाना कराया गया।
जीआरपी थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि हादसे में राजेश उर्फ राजू सोनकर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि वह लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे और रेलवे स्टेशन पर कुली का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
