इश्क, साजिश और कत्ल: प्रेमी को मारकर कमरे में दफनाया
शव की दुर्गंध से खुला खौफनाक राजरायबरेली में सनसनीखेज वारदात
रायबरेली। रायबरेली के पूरे रजाऊ मजरे, मुस्तफाबाद गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई। प्रेमी अमित रैदास की हत्या के बाद शव को कमरे के अंदर गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
शव के ऊपर ईंटें रखीं और तख्त डाल दिया गया। आरोप है कि महिला रीता उसी तख्त पर दो दिनों तक सोती रही। कमरे से तेज दुर्गंध उठने पर मामला खुल गया।
बदबू बनी हत्या का सुराग
ग्रामीणों ने कमरे से लगातार आ रही दुर्गंध की शिकायत की तो रीता ने ग्राम प्रधान को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस पहुंची और शनिवार भोर में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई कर शव बाहर निकाला गया।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
जानकारी के अनुसार, रीता पासवान का पहले रामप्रकाश पासवान से विवाह हुआ था, लेकिन वर्ष 2020 में दोनों अलग हो गए। इसके बाद रीता की नजदीकियां पूरे बाबा मजरे कठघर निवासी अमित रैदास से बढ़ीं। बताया जाता है कि दोनों ने मंदिर में विवाह कर साथ रहना शुरू कर दिया था।
ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ समय पहले रीता, अमित और रामप्रकाश हैदराबाद में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते थे। वहां भी रामप्रकाश रीता के संपर्क में रहा। गांव लौटने के बाद रीता और रामप्रकाश की नजदीकियां फिर बढ़ीं और आरोप है कि दोनों ने मिलकर अमित को रास्ते से हटाने की साजिश रच दी।
तीन मासूम बच्चों का भविष्य अधर में
रीता के तीन बच्चे—आकाश (8), अभिषेक (7) और तीन वर्षीय बेटी—अब सबसे बड़ी चिंता बन गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मां और आरोपी के जेल जाने के बाद इन मासूमों का पालन-पोषण कौन करेगा, यही सवाल सभी को परेशान कर रहा है।
ग्रामीणों में दहशत, पुलिस जांच जारी
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। यदि आरोप सिद्ध होते हैं, तो दोनों को कठोर कानूनी परिणामों का सामना करना पड़ सकता है।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
