चौकी में बेल्टों से पिटाई, ₹40 हजार छीनने का आरोप
लकड़ी ठेकेदार ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
रायबरेली/हरचंदपुर। हरचंदपुर थाना क्षेत्र की गुलुपुर पुलिस चौकी एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते चर्चा में है। लकड़ी ठेकेदार शफीक अहमद ने चौकी प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों पर चौकी के अंदर बेल्टों से बेरहमी से पिटाई करने
जेब से ₹40 हजार निकालने और अतिरिक्त ₹20 हजार की मांग करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अजमततुल्लागंज निवासी शफीक अहमद के अनुसार, 31 जुलाई को पुलिस ने हरे पेड़ों की कटान के आरोप में उन्हें पकड़कर गुलुपुर चौकी ले गई। उनका आरोप है कि वहां चौकी प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने बेल्टों से उनकी पिटाई की और जेब में रखे ₹40 हजार निकाल लिए।
आरोप है कि बाद में ₹20 हजार और मांगे गए तथा पुलिसकर्मियों के कहने पर उन्होंने एक व्यक्ति को ₹15 हजार भी दिए।
पीड़ित ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में जानमाल का खतरा बताते हुए चौकी के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराकर जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि फुटेज से पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ जाएगी।
पेड़ों की अवैध कटान का मुकदमा
उधर, हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें झूठा और निराधार बताया है।
उनका कहना है कि शफीक अहमद के खिलाफ पहले से हरे पेड़ों की अवैध कटान का मुकदमा दर्ज है। मामले में दोनों पक्षों के दावों के बीच अब शिकायत की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
