समितियों पर ताले, इफको पर हाहाकार!
यूरिया के लिए सुबह से शाम तक कतार में खड़े किसान
11 समितियों में खाद, फिर भी वितरण बंद
रायबरेली/बछरावां। धान की रोपाई के बाद किसानों को सबसे ज्यादा जरूरत यूरिया की है, लेकिन बछरावां क्षेत्र में किसान खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। क्षेत्र की 11 साधन सहकारी समितियों पर ताले लटके हैं, जबकि किसानों का आरोप है कि समितियों में खाद उपलब्ध होने के बावजूद उसका वितरण नहीं किया जा रहा है। इससे किसानों में भारी नाराजगी है।
समितियों से खाद न मिलने के कारण किसान अब पूरी तरह बछरावां के इफको केंद्र पर निर्भर हो गए हैं। यहां रोज सुबह से किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं। घंटों इंतजार के बाद भी किसी को केवल एक बोरी तो किसी को दो बोरी यूरिया ही मिल पा रही है।
धान की फसल पर संकट
विशुनपुर के मनोज, थुलेंडी के दिलीप, अतरा के पंकज और इचौली के रामेश्वर का कहना है कि समय पर यूरिया नहीं मिलने से धान की फसल प्रभावित होगी
उत्पादन घटने की आशंका है। किसानों ने मांग की कि सभी सहकारी समितियों से तत्काल यूरिया का वितरण शुरू कराया जाए, ताकि उन्हें लंबी कतारों में न लगना पड़े।
इन समितियों पर लटके हैं ताले
कशरावा, राजामऊ, सुडौली, इचौली समेत क्षेत्र की 11 साधन सहकारी समितियों से यूरिया वितरण बंद होने के कारण किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
इफको केंद्र प्रभारी सीताराम ने बताया कि केंद्र पर लगातार यूरिया का वितरण किया जा रहा है। किसानों की अत्यधिक भीड़ के कारण वितरण में कठिनाई आ रही है।
किसानों की मांग
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी सहकारी समितियों को तत्काल खोलकर वहां से भी यूरिया का वितरण शुरू कराया जाए, ताकि खाद संकट दूर हो सके और धान की फसल बचाई जा सके।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
