आधे शहर की बिजली गुल
कहीं धमाका तो कहीं मेंटीनेंस ने बढ़ाई मुसीबत!
गोराबाजार उपकेंद्र के पैनल में तेज धमाका, वायरिंग जलने से कमरे में भरा धुआं; आचार्य द्विवेदी नगर में मेंटीनेंस और ग्रामीण क्षेत्र में तार टूटने से घंटों परेशान रहे लोग
रायबरेली। शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर लौटने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को तकनीकी खराबी और मेंटीनेंस के चलते आधे शहर की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही, वहीं रविवार को गोराबाजार उपकेंद्र के पैनल में तेज धमाका होने से हड़कंप मच गया।
पैनल की वायरिंग जलने से उपकेंद्र के कमरे में धुआं भर गया और कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। उधर, आचार्य द्विवेदी नगर उपकेंद्र में स्विचयार्ड और ब्रेकर के मेंटीनेंस के चलते कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बंद रही। ग्रामीण क्षेत्र में उतरपारा उपकेंद्र से निकले मधुपुरी फीडर का तार टूटने से भी कई घंटे तक बिजली गुल रही।
रविवार दोपहर करीब दो बजे गोराबाजार उपकेंद्र के पैनल में अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके के बाद पैनल की वायरिंग जल गई और कमरे में धुआं भर गया। इससे कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पावर कॉर्पोरेशन की टीम मौके पर पहुंची और पैनल के साथ उपकेंद्र में लगे ट्रांसफार्मरों की जांच की। खराबी दूर करने के बाद शाम करीब सात बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
गोराबाजार उपकेंद्र से हर्ष नगर, महानंदपुर, ग्रीव शाह का पुरवा, राजकीय कॉलोनी, गोरा बाजार, पीएसी, मालिकमऊ समेत कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति होती है। करीब पांच घंटे तक आपूर्ति प्रभावित रहने से लोगों को उमस और गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी।
मेंटीनेंस के चलते भी बंद रही आपूर्ति
आचार्य द्विवेदी नगर उपकेंद्र में स्विचयार्ड और ब्रेकर के मेंटीनेंस के कारण भी बिजली आपूर्ति बंद रही। इस उपकेंद्र से विकास नगर, पुलिस लाइन, मानस नगर, राणा नगर, न्यू राणा नगर, घसियारी मंडी, कानपुर रोड, दीवानी कचहरी के आसपास का क्षेत्र, कोतवाली, बस स्टॉप, मुंशीगंज, शहीद स्मारक रोड, एम्स, दरियापुर चौराहा, सुपर मार्केट, प्रभु टाउन और खोया मंडी समेत कई इलाकों में बिजली पहुंचती है।
ग्रामीण क्षेत्र में तार टूटने से घंटों गुल रही बिजली
ग्रामीण क्षेत्र में उतरपारा उपकेंद्र से निकले मधुपुरी फीडर का तार टूट जाने से भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। कर्मचारियों ने फाल्ट तलाशकर मरम्मत का काम किया, जिसके बाद कई घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। लगातार बिजली कटौती और तकनीकी खराबी से उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिली।
रायचंद्र श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता, रायबरेली जोन ने बताया कि उपकेंद्रों में समय-समय पर मेंटीनेंस कराया जाता है, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सके। आचार्य द्विवेदी नगर में मेंटीनेंस और गोराबाजार में तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति बंद थी। सभी जगह आपूर्ति बहाल कर दी गई है। कई जगह नए उपकरण लगाए गए हैं। जहां अधिक समस्या आ रही है, वहां उपकरणों को बदलवाया जाएगा।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
