कृमि से मुक्ति का संकल्प: बच्चों को खिलाई एल्बेंडाजोल की गोली
सेंट थॉमस स्कूल में स्वास्थ्य विभाग ने किया अभियान का शुभारंभ, किशोरियों को HPV वैक्सीनेशन के लिए भी किया जागरूक

महराजगंज। परतावल ब्लॉक अंतर्राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल की स्वास्थ्य टीम ने सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल परतावल में बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोलियां खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाले नुकसान और एल्बेंडाजोल की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि काशीनाथ सिंह ने यूकेजी की छात्रा आराध्या गुप्ता को सबसे पहले एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार ने की।
मुख्य अतिथि काशीनाथ सिंह ने बच्चों को बाजार में मिलने वाली अस्वास्थ्यकर चीजों से बचने और घर में तैयार पौष्टिक भोजन खाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए साफ-सफाई के साथ पौष्टिक खान-पान भी बेहद जरूरी है।
बच्चों को समझाई गई एल्बेंडाजोल की खुराक
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की खुराक लेने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक से दो वर्ष के बच्चों को आधी गोली चूर्ण बनाकर, जबकि दो से तीन वर्ष के बच्चों को एक गोली चूर्ण बनाकर दी जानी है। वहीं तीन से 19 वर्ष तक के बच्चों को एक पूरी गोली चबाकर खाने के लिए दी जाती है।
उन्होंने किशोरियों को HPV वैक्सीनेशन के प्रति भी जागरूक किया और इसके महत्व की जानकारी दी।
स्वच्छता अपनाने का दिया संदेश
काउंसलर अनिरुद्ध गुप्ता ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने और आसपास साफ-सफाई रखने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। वहीं डाटा एंट्री ऑपरेटर संजीव कुमार सिंह ने सभी बच्चों को एल्बेंडाजोल की खुराक लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
PM News 18 Hindi News Website
