विभाजन की विभीषिका ने झकझोरा इतिहास, एकता-सद्भाव का संकल्प
महराजगंज, 14 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में ‘विभाजन की विभीषिका’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान विभाजन के दर्द, विस्थापन, हिंसा और पीड़ित परिवारों के संघर्ष को दर्शाती चित्र प्रदर्शनी लगाई गई।
प्रदर्शनी का मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी, जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह और सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया समेत अन्य अतिथियों ने अवलोकन किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी ने कहा कि 1947 का विभाजन केवल देश की सीमाओं का बंटवारा नहीं, बल्कि लाखों परिवारों के जीवन, सपनों और सामाजिक ताने-बाने को झकझोर देने वाली भयावह त्रासदी थी। असंख्य लोगों को अपना घर-बार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा और बड़ी संख्या में लोगों ने अपने प्राण गंवाए।
उन्होंने कहा कि विभाजन की विभीषिका को याद करने का उद्देश्य वैमनस्य पैदा करना नहीं, बल्कि इतिहास से सीख लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।
लोगों ने विस्थापन और हिंसा का दंश झेला।
पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि विभाजन की पीड़ा को देश कभी भुला नहीं सकता। यह दिवस उन परिवारों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने अपना घर, जमीन और अपनों को खोने के बावजूद जिंदगी को नए सिरे से आगे बढ़ाया। आने वाली पीढ़ियों को इतिहास की वास्तविक घटनाओं से परिचित कराना जरूरी है।
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि विभाजन की त्रासदी मानवता के इतिहास की दर्दनाक घटनाओं में से एक है। लाखों लोगों ने विस्थापन और हिंसा का दंश झेला। उन्होंने युवाओं से इतिहास को समझने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि विभाजन की विभीषिका हमें यह संदेश देती है कि देश की एकता और सामाजिक सद्भाव ही सबसे बड़ी ताकत है। चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से नई पीढ़ी को विभाजन के दौर की वास्तविकता से परिचित कराने का प्रयास किया गया है।
संगोष्ठी में पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ला, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख राम हरख गुप्ता, प्रमुख ओम प्रकाश जायसवाल, प्रमुख विवेक गुप्ता, प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, चेयरमैन संतोष जायसवाल, गिरिजेश जायसवाल, सतीश मधेशिया और पूर्व वायुसेना अधिकारी राम प्रकाश गुप्ता ने भी विचार व्यक्त किए।
मौन जुलूस ने दिया एकता का संदेश
संगोष्ठी के उपरांत मौन जुलूस निकाला गया, जो नगर तिराहे तक पहुंचा। जुलूस के माध्यम से विभाजन में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक वीरेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार जायसवाल, राम प्रकाश गुप्ता, श्रीपति दास, स्वतंत्रता सेनानी झालरा देवे के परिजन, फुलेना देवी के परिजन, शहीद पंकज त्रिपाठी के पिता ओम प्रकाश त्रिपाठी तथा शहीद सुखराज चौधरी, काशीनाथ चौधरी और झिनकू चौधरी को माला पहनाकर, अंगवस्त्र और बुके भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, शैलेश पांडेय, संतोष सिंह, अजय श्रीवास्तव, फरीदा ईरम, जिला महामंत्री बबलू यादव, प्रभाकर द्विवेदी, मधुर सिंह, जिला मंत्री बैजनाथ पटेल, विष्णुदेव चौरसिया, सरोज पांडेय, ठाकुर रौनियार, गौतम चौधरी, दिनेश जायसवाल, वंदना त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, टाइगर तिवारी, अशोक पटेल, विजय गौड़, विवेक पटेल, गोविंद जायसवाल, जिला कोषाध्यक्ष आकाश गुप्ता, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, बलराम दुबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
PM News 18 Hindi News Website
