तिरंगे की शान में गूंजा मांधाता, बच्चों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
मांधाता, प्रतापगढ़। पंडित उमादत्त मेमोरियल स्कूल, कौली का पुरवा मांधाता में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले बच्चों ने देशभक्ति के नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।
देश की एकता और अखंडता सर्वोपरि
विद्यालय के संचालक अरविंद मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और सत्यनिष्ठा को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित में कार्य करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कौली के पुरवा से हरखपुर टिकरी तक गूंजी देशभक्ति
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिवार ने कौली के पुरवा से भव्य तिरंगा यात्रा शुरू की। यात्रा हरखपुर टिकरी होते हुए पुनः कौली के पुरवा पहुंची। तिरंगा हाथों में लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा ने ग्रामीणों में भी देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना का संचार किया।
विद्यालय परिवार ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक कैप्टन लक्ष्मी कान्त तिवारी, शंकर लाल धुरिया, अरविंद मिश्रा, हिमांशु पाण्डेय सहित अध्यापकगण सर्वेश सिंह, सुधांशु पांडेय, ऋचा यादव, श्रेयांशी सिंह, मोहिनी यादव, गीत मिश्रा, ज्योति यादव आदि उपस्थित रहे।
राष्ट्रप्रेम और पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने देशप्रेम, राष्ट्र के प्रति समर्पण, आपसी एकता और पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर से लेकर तिरंगा यात्रा के मार्ग तक स्वतंत्रता दिवस का उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
अभिषेक सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज प्रतापगढ़ ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
