रायबरेली में चली तबादला एक्सप्रेस: 10 तहसीलदारों की तैनाती में बड़ा फेरबदल
नव प्रोन्नत अधिकारियों को मिली अहम तहसीलों की जिम्मेदारी, सभी को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ने शासकीय एवं जनहित को देखते हुए तहसीलदारों और नव प्रोन्नत तहसीलदारों की तैनाती में बड़ा फेरबदल किया है। जिलाधिकारी ने 10 तहसीलदारों की नवीन तैनाती के आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने और योगदान आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक नव प्रोन्नत सुनील कुमार को तहसीलदार ऊंचाहार, यशवन्त सिंह को तहसीलदार डलमऊ, पवन कुमार यादव को तहसीलदार लालगंज, प्रदीप कुमार निगम को तहसीलदार न्यायिक लालगंज, शालिनी तिवारी को तहसीलदार महाराजगंज तथा अवनीश कुमार को तहसीलदार सलोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं मंजुला मिश्रा, जो अब तक तहसीलदार महाराजगंज के पद पर तैनात थीं, उन्हें तहसीलदार न्यायिक सदर बनाया गया है। आकांक्षा दीक्षित को तहसीलदार ऊंचाहार से हटाकर तहसीलदार न्यायिक सलोन की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में दीपिका सिंह को तहसीलदार सलोन से तहसीलदार न्यायिक महाराजगंज तथा प्रज्ञा द्विवेदी को तहसीलदार डलमऊ से तहसीलदार न्यायिक डलमऊ के पद पर तैनाती दी गई है।
नव प्रोन्नत अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
प्रशासनिक फेरबदल में छह नव प्रोन्नत तहसीलदारों को पहली बार तहसीलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी के आदेश के बाद अब संबंधित अधिकारी अपने-अपने नवीन तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार संभालेंगे।
तत्काल योगदान के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने तथा अपनी योगदान आख्या अधोहस्ताक्षरी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक स्तर पर हुए इस फेरबदल को राजस्व कार्यों में तेजी और जनहित से जोड़कर देखा जा रहा है।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
