जयकारों से गूंजा बभनौली बुजुर्ग, 51 कन्याओं की कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय महायज्ञ का शुभारंभ
रोहिन नदी तट से पवित्र जल भरकर यज्ञ स्थल पहुंचीं कन्याएं, रामकथा और हवन-पूजन से भक्तिमय होगा माहौल
महराजगंज। पनियरा विकास खंड के बभनौली बुजुर्ग गांव स्थित श्री श्री वैष्णो माता धाम में रविवार को शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन नौ दिवसीय महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर गाजे-बाजे और जय माता दी के जयकारों के बीच भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर माता रानी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
कलश यात्रा में पीले वस्त्र धारण किए 51 कन्याओं ने सिर पर कलश रखकर हिस्सा लिया। यात्रा बभनौली बुजुर्ग से पनियरा मुख्य मार्ग और मुजुरी बाजार होते हुए भौंराबरी पुल के समीप रोहिन नदी तट पर पहुंची। यहां आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद कन्याओं ने कलशों में पवित्र जल भरा।
कलश स्थापना के साथ शुरू हुआ धार्मिक अनुष्ठान
रोहिन नदी तट से पवित्र जल लेकर कलश यात्रा वापस यज्ञ स्थल पहुंची, जहां विधिवत कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। माता रानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
आयोजकों के अनुसार, महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन रामकथा, प्रवचन, हवन और पूजन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महायज्ञ की पूर्णाहुति 19 अक्टूबर को होगी। इसी दिन विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है।
पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से निकली यात्रा
कलश यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पनियरा पुलिस मुस्तैद रही। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल यात्रा मार्ग पर तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी यात्रा सकुशल संपन्न हुई।
नौ दिवसीय महायज्ञ के शुभारंभ से बभनौली बुजुर्ग सहित आसपास के गांवों में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है।
PM News 18 Hindi News Website
