बारिश ने बिगाड़ी बिजली व्यवस्था, शहर समेत 800 गांवों में अंधेरा
कहीं तार टूटे तो कहीं जंपर जले, पांच से आठ घंटे गुल रही बिजली; गर्मी में बेहाल रहे लोग
रायबरेली। सोमवार को हुई बारिश ने जिले की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह बेपटरी कर दिया। शहर के करीब आधे हिस्से के साथ ग्रामीण क्षेत्र के लगभग 800 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
कहीं इंसुलेटर फुंकने, कहीं तार टूटने और कहीं जंपर जलने से पांच से आठ घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली कटौती के कारण गर्मी और उमस में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर में सुबह करीब छह बजे प्रगतिपुरम, तैलियाकोट, आचार्य द्विवेदी नगर, मिल एरिया और अमावां उपकेंद्र से जुड़े इलाकों की बिजली बंद हो गई। सरस्वती नगर, त्रिपुला, रायपुर, हनुमंतपुरम, अली मियां कॉलोनी, तेलियाकोट, खतराना, अलीनगर, छोटी बाजार, रेलवे स्टेशन, बेलीगंज, सब्जी मंडी, सुभाष नगर, राणा नगर, राजघाट, अमर नगर, किला बाजार, वजीरगंज, जहानाबाद, रतापुर, निरालानगर, तुलसीनगर और प्रगतिपुरम समेत कई मोहल्ले प्रभावित रहे।
सुबह करीब 11 बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन दिनभर बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा।
800 गांवों में पांच से आठ घंटे संकट
ग्रामीण क्षेत्रों में डलमऊ, सलोन, ऊंचाहार, जमुनापुर, छतोह, इटौरा बुजुर्ग, मल्केगांव, खीरी और बरस उपकेंद्रों से जुड़े करीब 800 गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। तेज बारिश के दौरान सुरक्षा के लिहाज से लाइन बंद कर दी गई। बारिश थमने के बाद आपूर्ति शुरू करने पर जगह-जगह फॉल्ट सामने आने लगे।
कसारा फीडर में घुरवारा के पास एक पक्षी तार में चिपका मिला। उसे हटाने के बाद लाइन दुरुस्त की गई। अन्य स्थानों पर कहीं तार टूटे मिले तो कहीं जंपर जले पाए गए। कर्मचारियों की टीम ने फॉल्ट तलाशकर मरम्मत की, जिसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों में दोपहर बाद से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
ढीले और लटकते तार बने मुसीबत
शहर के शरद मेहरोत्रा, अरशद खान और मनीष तिवारी ने कहा कि ढीले तार बिजली आपूर्ति में लगातार बाधा बन रहे हैं। ऊंचाहार के रामसिंह यादव, डलमऊ के गोविंद तिवारी और सलोन के आशुतोष ने भी लटकते तारों की समस्या उठाई। लोगों का कहना है कि पेड़ों की डालियों की छंटाई समय रहते कराई जाए तो बारिश के दौरान फॉल्ट कम हो सकते हैं।
मुख्य अभियंता रविचंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बारिश के कारण कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी। फॉल्ट मिलने पर कर्मचारियों ने मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कराई।
पेड़ गिरने से सीएचसी की बिजली ठप
ऊंचाहार। सोमवार को बारिश के दौरान सीएचसी के पास बिजली का खंभा तार पर गिर गया। इससे तेज झटका लगा और परिसर में रखा ट्रांसफार्मर जमीन पर गिर गया।
ट्रांसफार्मर गिरने से अस्पताल की बिजली गुल हो गई और भर्ती मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंचे पावर कॉरपोरेशन के कर्मचारियों ने मरम्मत शुरू कराई। देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
अधिशासी अभियंता उमेश कुमार ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
