एक माह से जलभराव में डूबी मनीरामपुर की सड़क
पानी के बीच से गुजरने को मजबूर ग्रामीण—अतुल सिंह
ऊंचाहार। विधानसभा ऊंचाहार क्षेत्र में बारिश के बाद जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। प्रदेश सचिव एवं पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी अतुल सिंह ने मनीरामपुर, बहेरवा, तिवारीपुर और नन्कू पुरवा समेत कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
मनीरामपुर गांव को जाने वाली सड़क पिछले करीब एक माह से जलभराव की चपेट में है। सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है।
हालात यह हैं कि लोगों को कपड़े ऊपर उठाकर पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अतुल सिंह ने कहा कि ऊंचाहार क्षेत्र के कई अंडरपास बारिश के बाद तालाब में तब्दील हो गए हैं। कंदरवा से ऊंचाहार मार्ग पर भी जगह-जगह पानी भरा हुआ है, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कत हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 15 वर्षों से क्षेत्रीय विधायक ने विकास के नाम पर केवल आश्वासन दिए हैं, जबकि आज भी ऊंचाहार की जनता मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। मनीरामपुर गांव की स्थिति बेहद खराब है।
ग्रामीणों ने अतुल सिंह को सड़क पर लंबे समय से जमा पानी और खराब मार्ग की स्थिति से अवगत कराया। इस पर उन्होंने कहा कि जलभराव और सड़क की समस्या को गंभीरता से संबंधित अधिकारियों के सामने उठाया जाएगा तथा सड़क निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर जिला सचिव शैलेंद्र सिंह, सोनू सिंह, रमेश सिंह, राकेश यादव, कप्तान सिंह, बिमलेंद्र बाजपेयी, गोलू अग्रहरि, अजय मौर्य, लालजी गौतम, रवि सिंह, अमित सिंह, मनोज यादव, पप्पू मिश्रा, पप्पू मंसूरी, मो. कासिम, संतोष सरोज समेत कई लोग मौजूद रहे।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
