युवाओं को जीवेश मिश्रा की सीख—तकनीक बने ज्ञान और व्यक्तित्व विकास का हथियार
महराजगंज। युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाने और उनमें समाज, संस्कृति एवं राष्ट्र के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लक्ष्मीपुर क्षेत्र के मुंशीलाल आदर्श इंटर कॉलेज, पैसिया-लक्ष्मीपुर तथा स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज, धुसवा कला में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महराजगंज के जिला प्रचार प्रमुख जीवेश मिश्रा ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उन्हें सफलता और राष्ट्रहित का मंत्र दिया।
जीवेश मिश्रा ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को सही दिशा मिले तो राष्ट्र निर्माण को नई गति मिल सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम, संस्कार, स्वावलंबन और राष्ट्रहित को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में तकनीक युवाओं के जीवन का अहम हिस्सा बन चुकी है। इसका प्रयोग मनोरंजन तक सीमित न रखकर ज्ञान अर्जित करने, नई चीजें सीखने और व्यक्तित्व विकास के लिए किया जाना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, तकनीक, करियर और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर खुलकर अपने विचार साझा किए। मुख्य वक्ता ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें लक्ष्य के प्रति सजग रहने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
दोनों विद्यालयों में ‘युवा संवाद’ को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने सेवा, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रहित को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
PM News 18 Hindi News Website
