शराब और जुए की लत बनी मौत की वजह!
बेटे ने सड़क पर पटककर ईंट से कुचल डाला पिता का सिर
मूंगफली बेचकर परिवार पालने वाले बुजुर्ग की निर्मम हत्या, सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर वार्ड में शनिवार देर रात एक ऐसी घटना सामने आई जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। शराब और जुए की लत में डूबे एक युवक ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी।
वारदात के बाद पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांधी नगर वार्ड निवासी हरिखमन ठेला लगाकर मूंगफली बेचते थे और उसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।उनके दो बेटे हैं।
बताया जा रहा है कि बड़ा बेटा शेषनाथ लंबे समय से शराब पीने और जुआ खेलने का आदी था। पिता उसे बार-बार इन बुरी आदतों को छोड़ने की सलाह देते थे, जिससे घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
शनिवार देर रात शेषनाथ शराब के नशे में घर पहुंचा। पिता ने जब उसे शराब और जुआ छोड़ने की नसीहत दी तो वह गुस्से से बेकाबू हो गया। उसने पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी ।
ईंट से ताबड़तोड़ वार, मौके पर ही मौत
जान बचाने के लिए हरिखमन घर से बाहर भागे, लेकिन आरोपी ने उनका कॉलर पकड़कर सड़क पर जोर से पटक दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर गिरने के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने पास में पड़ी ईंट उठाकर पिता के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते हरिखमन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस ने आरोपी बेटे को दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी शेषनाथ को गिरफ्तार कर कोतवाली ले जाया गया। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल मृतक के परिजन घटना से सदमे में हैं और किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
PM News 18 Hindi News Website
