कंधों पर बेटों की अर्थी… आंखों में आंसू, पचमा मांग रहा इंसाफ
चार युवाओं की मौत से पचमा में मातम, अंतिम यात्रा में पहुंचे अजय कुमार श्रीवास्तव
महराजगंज। निचलौल-महराजगंज मार्ग पर दमकी गैस एजेंसी के पास हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत के बाद पचमा गांव में मातम पसरा हुआ है। एक साथ चार युवाओं की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा नेता अजय कुमार श्रीवास्तव श्मशान घाट पहुंचे और अंतिम यात्रा में शामिल होकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं-अजय
एक साथ चार युवाओं की असमय मौत पर भाजपा नेता अजय कुमार श्रीवास्तव ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद हृदयविदारक है और इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है।
उन्होंने दिवंगत युवाओं के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस कठिन समय में परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
इधर, हादसे के बाद पचमा गांव में ग्रामीणों का आक्रोश भी सामने आया। न्याय और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता की मांग को लेकर हजारों ग्रामीण सड़क पर उतर आए और मार्ग जाम कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि चार परिवारों पर आई इस विपदा में प्रशासन को तत्काल मदद उपलब्ध करानी चाहिए और हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
एक साथ चार चिताएं… चार परिवारों के सपने खाक
पचमा की आंखों में आंसू हैं, दिल में दर्द है और जुबां पर सिर्फ एक सवाल—आखिर इन परिवारों को इंसाफ और मदद कब मिलेगी?
PM News 18 Hindi News Website
