अजगरा महोत्सव में दिखेगा इतिहास
संस्कृति और आधुनिक जनसंवाद का अद्भुत संगम : डीएम
प्रतापगढ़, 20 अगस्त। अजगरा महोत्सव-2026 को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने कैम्प कार्यालय सभागार में पत्रकारों के साथ प्रेसवार्ता कर महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की।
उन्होंने कहा कि अजगरा की ऐतिहासिक धरती पर यक्ष और युधिष्ठिर के बीच हुआ संवाद आज भी ज्ञान, तर्क और नैतिक चिंतन का प्रतीक है। इसी गौरवशाली परंपरा को आधुनिक स्वरूप में नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
डीएम ने बताया कि ‘अजगरा महान संवाद-2026 : द ग्रेट अजगरा डिबेट’ महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा। इसमें युवा और आमजन समसामयिक विषयों पर अपनी बात रखने के साथ सवाल-जवाब और तार्किक विचार-विमर्श में हिस्सा लेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को जिला स्तर तक अपनी बात रखने का मंच मिलेगा।
गांव से जिला स्तर तक होगा प्रतिभाओं का चयन
प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया चरणबद्ध होगी। 24 से 26 अगस्त तक ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
29 और 30 अगस्त को सात विकासखंडों और नौ नगरीय निकायों में चयन प्रक्रिया होगी। 2 और 3 सितंबर को जोनल महासंवाद और 5 सितंबर को जिला स्तरीय महासंवाद होगा, जिसमें अंतिम आठ प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
इसके बाद 6 से 16 सितंबर तक चयनित प्रतिभागियों के सार्वजनिक परिचय और तैयारी की प्रक्रिया चलेगी। 17 सितंबर को ग्रैंड फिनाले में ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ का विजेता तय होगा। ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर कुल 1427 प्रतिनिधियों के चयन की व्यवस्था की गई है। विकासखंड एवं नगरीय निकाय स्तर से 36, जोनल स्तर से 16 और अंतिम चरण में आठ प्रतिभागियों का चयन होगा। अंतिम आठ प्रतिभागियों को ‘अजगरा अष्ट’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
विजेता को मिलेगा 1.51 लाख का पुरस्कार
प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। प्रथम विजेता को 1,51,000 रुपये, द्वितीय को 1,01,000 रुपये और तृतीय विजेता को 75,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
15 से 17 सितंबर तक होगा मुख्य आयोजन
डीएम ने बताया कि अजगरा महोत्सव का मुख्य आयोजन 15 से 17 सितंबर तक अजगरा, रानीगंज स्थित यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल पर प्रस्तावित है। महोत्सव में प्रतापगढ़ की ऐतिहासिक विरासत, लोक संस्कृति, सामाजिक चेतना और युवा प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने पत्रकारों से अपील की कि महोत्सव और ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि जिले के युवा, विद्यार्थी और आमजन इस ऐतिहासिक पहल से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्तर की चयन प्रक्रिया में निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुव्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी।
अभिषेक सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज प्रतापगढ़ ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
