पीछे से आई बांस लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर
दो साल की मासूम की मौत
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के तरकुलवा-डेरवा संपर्क मार्ग पर बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे मजार के पास दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सरफराज अपनी दो वर्षीय बेटी फिजरा को बाइक पर बैठाकर तरकुलवा की ओर से डेरवा जा रहे थे। डेरवा मजार के पास पीछे से आ रही बांस लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक पर आगे बैठी मासूम सड़क पर गिर गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बांस लदा था और उसे तरकुलवा-तिवारी क्षेत्र से डेरवा की ओर ले जाया जा रहा था।
सूचना पर सिसवा मुंशी चौकी प्रभारी छोटेलाल गोंड पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने लाया गया है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
PM News 18 Hindi News Website
