शिकारपुर समेत दर्जनों गांवों में बिजली कटौती से हाहाकार
भीषण गर्मी में रात काटना मुश्किल
महाराजगंज। शिकारपुर, बल्लो, परसा गिदही, पड़रीखुर्द, महुअवा समेत आसपास के दर्जनों गांवों में लगातार बिजली कटौती से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
भीषण गर्मी के बीच बिजली की आंख-मिचौली ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रात के समय घंटों बिजली गुल रहने से बच्चे, बुजुर्ग और आम ग्रामीणों के लिए सोना तक मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि दिनभर गर्मी झेलने के बाद रात में भी बिजली की पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिल रही है। बिजली कटौती के कारण घरों में पंखे और कूलर बंद हो जाते हैं, जिससे लोगों को उमस और गर्मी में रात गुजारनी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार गर्मी के कारण कई लोग स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना कर रहे हैं।
आखिर क्यों कट रही बिजली
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस क्षेत्र में बार-बार और लंबे समय तक बिजली कटौती क्यों हो रही है? ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों से जानकारी लेने पर भी बिजली कटौती का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ रहा है। न तो कटौती का कोई स्पष्ट समय बताया जा रहा है और न ही समस्या के स्थायी समाधान को लेकर ग्रामीणों को ठोस जानकारी मिल रही है।
कटौती का कारण बताएं जनता को मिले स्पष्ट जानकारी
ग्रामीणों का कहना है कि यदि क्षेत्र में तकनीकी खराबी, ओवरलोड, लाइन की समस्या या किसी अन्य कारण से बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है तो विभाग को इसकी स्पष्ट जानकारी जनता को देनी चाहिए। ग्रामीणों ने पूरे मामले की आधिकारिक जांच कराए जाने की मांग की है, ताकि यह पता चल सके कि शिकारपुर क्षेत्र और आसपास के दर्जनों गांवों में इतनी अधिक बिजली कटौती आखिर किस वजह से हो रही है।
उच्चाधिकारी लें संज्ञान आधिकारिक जांच की मांग
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने और लगातार हो रही कटौती का स्पष्ट कारण सार्वजनिक करने की मांग की है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करते हैं।
PM News 18 Hindi News Website
