बारिश ने खोली नगर पंचायत मांधाता की व्यवस्थाओं की पोल
जगह-जगह जलभराव से बेहाल क्षेत्रवासी।
प्रतापगढ़। लगातार हुई बारिश के बाद नगर पंचायत मांधाता में जल निकासी व्यवस्था की पोल खुलती नजर आई। बारिश थमने के बाद नगर पंचायत क्षेत्र के कई इलाकों में जगह-जगह जलभराव और गंदगी का आलम देखने को मिला, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कहीं सड़कें पानी से लबालब नजर आईं तो कहीं नालियों का गंदा पानी रास्तों पर फैल गया। जलभराव के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ और कई स्थानों पर राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। वहीं, जलभराव के साथ जमा गंदगी ने क्षेत्र की स्थिति को और बदतर बना दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर वर्ष कई इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है। बारिश के बाद जगह-जगह जमा पानी और गंदगी से लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पंचायत क्षेत्र में जलभराव की तस्वीरें अब नगर पंचायत की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। लोगों की मांग है कि जलभराव वाले स्थानों से तत्काल पानी की निकासी कराई जाए और नालियों की नियमित सफाई के साथ जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में जलभराव के साथ गंदगी और मच्छरों से जुड़ी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं।
बारिश ने जहां मौसम को खुशनुमा किया, वहीं नगर पंचायत मांधाता की बदहाल जल निकासी व्यवस्था ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को लेकर कितनी गंभीरता दिखाते हैं।
अभिषेक सिंह पुलिस मुखबिर न्यूज ब्यूरो प्रभारी प्रतापगढ़ की रिपोर्ट।
PM News 18 Hindi News Website
