बेलवाकाजी पुल पर पलटा मोरंग लदा ट्रेलर, रात के अंधेरे में बैट्री और सामान ले उड़े चोर
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलवाकाजी स्थित पुल पर मंगलवार की देर रात मोरंग-बालू लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुल की उत्तरी रेलिंग तोड़ते हुए पलट गया।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए ट्रेलर में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर संख्या यूपी 53 एचटी 8927 बागापार की ओर से फुरसतपुर जा रहा था। मंगलवार रात करीब 11 बजे जैसे ही वाहन बेलवाकाजी पुल पर पहुंचा, चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और भारी-भरकम ट्रेलर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही बागापार चौकी पुलिस, डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और राहत दल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के बाद आशंका जताई गई कि ट्रेलर के नीचे कोई व्यक्ति दबा हो सकता है।
इस सूचना पर पुलिस ने करीब एक घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। बाद में संबंधित व्यक्ति के सकुशल घर पहुंचने की जानकारी मिलने पर पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। चालक को मामूली चोटें आईं, जिनका मौके पर ही निजी चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार कराया गया।
रात के अंधेरे में चोरों ने किया हाथ साफ
बुधवार सुबह चालक ने बताया कि रात में सुनसान और अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात लोग ट्रेलर के पास पहुंचे और वाहन में रखे सामान के साथ उसकी बैट्री भी खोलकर ले गए। सुबह जांच करने पर बैट्री और अन्य सामान गायब मिलने के बाद चालक ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
चालक चौक थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षतिग्रस्त पुल की रेलिंग और पलटे ट्रेलर को देखने के लिए दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही।
बागापार चौकी प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। चालक द्वारा वाहन से बैट्री और सामान चोरी होने की शिकायत दी गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
PM News 18 Hindi News Website
