दुष्कर्म की कोशिश के बाद 13 वर्षीय किशोरी ने दी जान!
पुलिस पर लापरवाही का आरोप, हंगामे के बाद आरोपी गिरफ्तार
रायबरेली | सालोन रायबरेली के सालोन क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी की आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों का आरोप है कि खेत में किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास हुआ, लेकिन शिकायत के बावजूद चौकी पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। शाम को किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मृतका की मां के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे उनकी बेटी खेत में शौच के लिए गई थी। आरोप है कि गांव निवासी युधिष्ठिर उर्फ डिजिटल ने पीछे से पकड़कर उसे एक खाली मकान में ले जाने की कोशिश की और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों का कहना है कि दोपहर करीब 2 बजे करहिया चौकी पुलिस को घटना की सूचना दी गई, लेकिन देर शाम तक न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही कोई कार्रवाई की गई। आरोप है कि इसी सदमे और निराशा में शाम करीब 6 बजे किशोरी ने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
मामले ने तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर आरोपी युधिष्ठिर उर्फ डिजिटल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
दुष्कर्म प्रयास के बाद किशोरी ने दी जान
वहीं, सालोन कोतवाली प्रभारी संदीप कुमार राय ने परिजनों के आरोपों से अलग पक्ष रखते हुए कहा कि किशोरी और आरोपी के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। उनके अनुसार, घटना के बाद मां-बेटी थाने आई थीं और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद घर लौट गई थीं। पुलिस का कहना है कि मामले में कोई लापरवाही नहीं बरती गई।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
