अन्याय के खिलाफ विद्रोह की बुलंद आवाज थीं फूलन देवी
जयंती पर सपा कार्यालय में पूर्व सांसद को किया याद, जिलाध्यक्ष बोले—साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की थीं मिसाल
रायबरेली। समाजवादी पार्टी ने पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। सोमवार को सुपर मार्केट स्थित सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया।
सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि फूलन देवी का जीवन साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की अमिट मिसाल था। उन्होंने अन्याय के खिलाफ विद्रोह किया और सामाजिक न्याय तथा आत्मसम्मान की बुलंद आवाज बनीं। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों और अत्याचार के कारण फूलन देवी चंबल के बीहड़ों में सक्रिय होकर बागी बनीं और अपने ऊपर हुए अत्याचार एवं अपमान के खिलाफ संघर्ष को लेकर देशभर में चर्चित हुईं।
मिर्जापुर से लोकसभा चुनाव
उन्होंने बताया कि बाद में फूलन देवी ने आत्मसमर्पण किया और जेल गईं। इसके बाद राजनीति में सक्रिय रूप से कदम रखा और मिर्जापुर से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचीं।
समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गिरजाशंकर लोधी ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के प्रयासों से फूलन देवी जेल से बाहर आईं। इसके बाद उन्होंने राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई और मिर्जापुर से लोकसभा का चुनाव जीतकर जनता का प्रतिनिधित्व किया।
कार्यक्रम में शशिकांत शर्मा, सुरेश निर्मल, राजेंद्र यादव, राजेश मौर्य, अरशद खान, सुरजीत सिंह, गंगा सागर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
