सिसवां मुन्शी का हाईमास्ट महीनों से बेकार, शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है मुख्य चौराहा
शिकायतों के बाद भी नहीं जागा जिम्मेदार महकमा, दुकानदारों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी
महराजगंज। सिसवां मुन्शी के मुख्य चौराहे पर लगा हाईमास्ट कई महीनों से खराब पड़ा है। शाम ढलते ही चौराहा अंधेरे में डूब जाता है, जिससे दुकानदारों के साथ राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रकाश व्यवस्था ठप होने से रात के समय चौराहे की रौनक भी गायब हो जाती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दिन के समय तो स्थिति सामान्य रहती है, लेकिन शाम होते ही हाईमास्ट बंद होने के कारण पूरे चौराहे पर अंधेरा छा जाता है। इसका सीधा असर दुकानदारों के कारोबार पर पड़ रहा है। वहीं, रात में आने-जाने वाले राहगीरों को भी अंधेरे के कारण असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतों के बावजूद नहीं हुई मरम्मत
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईमास्ट को ठीक कराने के लिए कई बार प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। डॉक्टर गिरजा शंकर सिंह ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदारों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं परदेशी विसार्या ने कहा कि रात का अंधेरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। स्थानीय निवासी सरफराज, अरसद, कुनाल, मनोज, अजमल अख्तर खान और प्रमोद गुप्ता समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से खराब हाईमास्ट की जल्द मरम्मत कराने और चौराहे पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य चौराहे पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त होने से दुकानदारों, राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी।
PM News 18 Hindi News Website
