विधायक निधि से संवरेगा सोनपति देवी महिला पीजी कॉलेज, भवन निर्माण का शिलान्यास
महिला शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम, विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने किया विधिवत पूजन-अर्चन
महराजगंज, 28 नवंबर। सोनपति देवी महिला पीजी कॉलेज में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक नई पहल शुरू हुई है। विधायक निधि से बनने वाले भवन निर्माण कार्य का शनिवार को सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने विधिवत पूजन-अर्चन के साथ शिलान्यास किया।
नए भवन के निर्माण से महाविद्यालय में शैक्षणिक संसाधनों का विस्तार होगा और छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि सोनपति देवी महिला पीजी कॉलेज जनपद में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।
विधायक निधि से बनेगा सोनपति देवी महिला पीजी कॉलेज का नया भवन
यहां के विद्यार्थी विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल कर महाविद्यालय के साथ ही पूरे जनपद का नाम रोशन कर रहे हैं। यह उपलब्धि शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों की लगन और संस्थान के बेहतर शैक्षणिक माहौल का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। विशेषकर महिला शिक्षा को बढ़ावा देना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। शिक्षित बेटियां ही परिवार, समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनती हैं।
विधायक ने कहा कि नए भवन के निर्माण से महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी। आने वाले समय में आधुनिक तकनीक, डिजिटल शिक्षा और नवीन शैक्षणिक संसाधनों के माध्यम से यहां के विद्यार्थी सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।
महाविद्यालय के अध्यक्ष एवं प्रबंधक डॉ. बलराम भट्ट ने भवन निर्माण के शिलान्यास के लिए विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग महाविद्यालय के विकास और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्रा, डॉ. विपिन यादव, डॉ. नंदिता मिश्रा, डॉ. पीयूष जायसवाल, मृत्युंजय तिवारी, राजीव द्विवेदी, संतोष पटेल, जितेंद्र कुमार पप्पू, जगदीश नारायण शर्मा, जीएसवीएस के प्रधानाचार्य धनंजय सिंह, सुनील त्रिपाठी, एजाज अहमद, पुर्नवाशी सहित सोनपति देवी महिला महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
PM News 18 Hindi News Website
