भिटौली पुलिस का बड़ा एक्शन: 2 किलो गांजा, तमंचा व कारतूस के साथ तस्कर गिरफ्तार
महराजगंज। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत भिटौली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर तस्कर को धर दबोचा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा, अवैध असलहा और कारतूस बरामद किया है, जिससे इलाके में सक्रिय तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
एसपी का सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत भिटौली थाना पुलिस ने उमेश यादव, निवासी कठिनहिया, थाना रामकोला (जनपद कुशीनगर) को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से लगभग 2 किलो गांजा, 315 बोर का देशी तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली।
आरोपी लंबे समय से अवैध नशे के धंधे में लिप्त था
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से अवैध नशे के धंधे में लिप्त था और सीमावर्ती क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करता था। उसकी गिरफ्तारी से इस नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक यदुवीर यादव व उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की तैयारी कर रही है।
PM News 18 Hindi News Website
