5 अगस्त से मुफ्त राशन वितरण शुरू, 18 अगस्त तक मिलेगा गेहूं-चावल
महराजगंज के अंत्योदय व पात्र गृहस्थी कार्डधारकों के लिए बड़ा ऐलान, OTP सत्यापन के साथ होगा वितरण
महराजगंज। जनपद के अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने बताया कि अगस्त 2026 के सापेक्ष आवंटित खाद्यान्न का 5 अगस्त से 18 अगस्त 2026 तक सभी उचित दर की दुकानों से निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति राशन कार्ड 10 किलोग्राम गेहूं एवं 25 किलोग्राम चावल, जबकि पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 1 किलोग्राम गेहूं एवं 4 किलोग्राम चावल पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
OTP से लें निःशुल्क खाद्यान्न
खाद्यान्न वितरण का कार्य प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दोपहर 2:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की मौजूदगी में कराया जाएगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल OTP सत्यापन के माध्यम से राशन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 18 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने सभी राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर उचित दर की दुकान पर पहुंचकर आवश्यक सहयोग करें तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपना निःशुल्क खाद्यान्न प्राप्त करें।
PM News 18 Hindi News Website
