पूना से लौटे 20 वर्षीय फर्नीचर कारीगर की संदिग्ध मौत
कमरे में पंखे से लटका मिला शव
सिंदुरिया में मचा कोहराम, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
महराजगंज। जनपद के सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्रामसभा सिंदुरिया में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 20 वर्षीय युवक का शव उसके दो मंजिला मकान के कमरे में पंखे से लटका मिला।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद सिंदुरिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार ग्रामसभा सिंदुरिया निवासी जय प्रकाश शर्मा का 20 वर्षीय पुत्र नीरज शर्मा शुक्रवार रात भोजन करने के बाद मकान की दूसरी मंजिल पर सोने चला गया था।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे तक कमरे से बाहर नहीं आने पर उसकी मां शीला देवी उसे जगाने पहुंचीं। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने कमरे के जंगले से झांककर देखा।
अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। नीरज का शव पंखे से लटका हुआ था। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके का गहन निरीक्षण किया। इसके बाद सिंदुरिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
फर्नीचर कारीगर की संदिग्ध मौत, जांच जारी
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
बताया जा रहा है कि नीरज शर्मा फर्नीचर का कारीगर था और करीब एक सप्ताह पहले ही महाराष्ट्र के पूना से काम करके घर लौटा था। वह दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था।
घटना के समय घर पर उसकी मां शीला देवी, भाभी और बहन इंदू मौजूद थीं, जबकि पिता जय प्रकाश शर्मा और बड़ा भाई धीरज पूना में मजदूरी करने गए हुए हैं।
नीरज की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
PM News 18 Hindi News Website
