धर्मपुर चौराहे पर बड़ी कार्रवाई: अवैध बालू से लदा ट्रक सीज
भिटौली पुलिस और एआरटीओ की संयुक्त टीम ने चलाया अभियान, खनन माफियाओं में हड़कंप*
महराजगंज। जनपद में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को भिटौली पुलिस और एआरटीओ विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बालू से लदे एक ट्रक को सीज कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
ट्रक को सीज कर दिया
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक भिटौली सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम धर्मपुर चौराहा क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान ट्रक संख्या यूपी 50 एटी 9444 को रोककर उसकी जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन पर अवैध रूप से बालू का परिवहन किया जाना पाया गया। आवश्यक दस्तावेजों की जांच और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर टीम ने तत्काल ट्रक को सीज कर दिया तथा संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में प्रभारी एआरटीओ मनोज सिंह, उपनिरीक्षक यदुवीर यादव तथा कांस्टेबल विवेकानंद सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
PM News 18 Hindi News Website
