बड़ी चौपाल में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सुनी जनता की फरियाद, मौके पर अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
रायबरेली, यूपी। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के ग्रामसभा पहाड़पुर में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने बड़ी चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क, बिजली, पानी, सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल फोन कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान मंत्री ने ग्रामवासियों से स्नेहिल भेंट की और वरिष्ठजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि रायबरेली की जनता उनके लिए परिवार जैसी है और वह जनता को किसी भी परेशानी में नहीं देख सकते। उनका उद्देश्य रायबरेली सहित पूरे प्रदेश की जनता को खुशहाल और समृद्ध देखना है।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास और जनकल्याण के कार्य कर रही है। अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने तथा शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद राज्यमंत्री ने कंपोजिट विद्यालय पहाड़पुर पहुंचकर बच्चों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, विद्यालय की व्यवस्थाओं और उनके भविष्य के लक्ष्य के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया। चौपाल में ग्रामीणों की मौजूदगी और सीधे संवाद को लेकर क्षेत्र में चर्चा रही।
पुलिस मुखबिर न्यूज के लिए हरचंदपुर रायबरेली से, ब्लॉक इंचार्ज,राहुल सिंह की रिपोर्ट।
PM News 18 Hindi News Website
